Thursday 29 December 2011

अब तक 21 मंत्रियों पर गिरी गाज

यूपी की मुख्यमंत्री मायावती अब तक भ्रष्टाचार और दूसरे  आरोपों की शिकायतें मिलने के बाद 21 मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा चुकी है। सूबे के लघु उद्योग मंत्री चंद्रदेव राम यादव को हटाए जाने की सिफारिश के साथ ही लोकायुक्त न्यायमूर्ति (रि.) एनके मेहरोत्रा ने अब तक 12 मंत्रियों की बर्खास्तगी की सिफारिश की है। इसमें से मुख्यमंत्री मायावती ने 11 को बाहर का रास्ता दिखा दिया। वहीं अभी तक मायावती ने दस और मंत्रियों को अलग अलग आरोपों में मंत्रिमंडल से बाहर कर चुकी है।

चंद्रदेव यादव के खिलाफ मंत्री पद पर रहते हुए अपने गृह जिले आजमगढ़ के एक स्कूल से प्रधानाध्यापक की तनख्वाह लेने का भी आरोप है। मंत्री ने दो दिन पहले लोकायुक्त समक्ष पेश होकर अपनी गलती स्वीकारी थी। इसके बाद बुधवार देर शाम न्यायमूर्ति ने इन्हें हटाने की सिफारिश मुख्यमंत्री से कर दी। इनके ऊपर भ्रष्टाचार से जुडे़ कई अन्य आरोप भी हैं।

लोकायुक्त की सिफारिश पर अब तक बर्खास्त किए गए मंत्रियों में धर्मार्थ कार्य मंत्री राजेश त्रिपाठी,  दुग्ध विकास मंत्री अवधपाल सिंह यादव,  श्रम मंत्री बादशाह सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री रंगनाथ मिश्र,  अम्बेडकर ग्राम विकास मंत्री रतन अहिरवार, कृषि शिक्षा मंत्री राजपाल त्यागी,  उच्च शिक्षा मंत्री राकेशधर त्रिपाठी,  डॉ. यशपाल सिंह,  अतिरिक्त ऊर्जा मंत्री अकबर हुसैन,  पिछला कल्याण मंत्री अवधेश वर्मा और प्रांतीय रक्षादल मंत्री डॉ. हरिओम शामिल है।

मायावती ने दस और मंत्रियों को विभिन्न आरोपों में मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया। इनमें मुख्य रूप से परिवार कल्याण मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा, स्वास्थ्य मंत्री अनंत मिश्रा,  खाद्य प्रसंस्करण मंत्री आनंदसेन यादव,  मत्स्य मंत्री जमुना निषाद और अशोक दोहरे शामिल हैं।

इतना ही नहीं राज्य के लोक निर्माण और सिंचाई मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, परिवहन मंत्री रामअचल राजभर, राजस्व मंत्री फागू चौहान समेत करीब 12 मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतें लोकायुक्त को मिली हैं। इनमें कुछ के खिलाफ जांच जारी है।
जो मंत्री बाहर हुए
चंद्रदेव राम यादव - लघु उद्योग मंत्री ( लोकायुक्त ने की हटाने की सिफारिश )
डॉ. यशपाल सिंह – विज्ञान एंव प्रोद्योगिकी मंत्री – (27 दिसंबर )
अकबर हुसैन - अतिरिक्त ऊर्जा मंत्री- (27 दिसंबर)
राजेश त्रिपाठी - धर्मार्थ कार्य मंत्री
अवधपाल सिंह यादव - दुग्ध विकास मंत्री
बादशाह सिंह - श्रम मंत्री
रंगनाथ मिश्र - माध्यमिक शिक्षा मंत्री
रतन लाल अहिरवार - अम्बेडकर ग्राम विकास मंत्री
राजपाल त्यागी ­ - कृषि शिक्षा मंत्री
राकेशधर त्रिपाठी - उच्च शिक्षा मंत्री
अवधेश वर्मा - पिछला कल्याण मंत्री
डॉ. हरिओम - प्रांतीय रक्षादल मंत्री
बाबू सिंह कुशवाहा - परिवार कल्याण मंत्री
अनंत मिश्रा - स्वास्थ्य मंत्री
आनंदसेन यादव - खाद्य प्रसंस्करण मंत्री
जमुना निषाद - मत्स्य मंत्री
अशोक दोहरे – जल संसाधन मंत्री ( 19 जनवरी 2011 )

No comments: