Monday 17 March 2014

समय का सही इस्तेमाल करें

हमारे समय का बहुत बड़ा हिस्सा यात्रा करते हुए व्यतीत होता है तो काफी घंटे किसी के इंतजार में। कई बार हम इंतजार करते हुए बोर होते रहते हैं। पर हम चाहें तो बेहतर टाइम मैनेजमेंट करके इंतजार की इन घड़ियों का भी सदुपयोग कर सकते हैं। आप यह याद रखें की हर किसी के जीवन में सिर्फ 24 घंटे ही रोज के मिलते हैं। यह आपके उपर निर्भर करता है कि आप इन 24 घंटों का बेहतर इस्तेमाल कैसे कर पाते हैं। कई लोग अपने वक्त का अक्लमंदी से इस्तेमाल कर इसी 24 घंटे में कई काम निपटा लेते हैं तो कई लोग बेकार बैठकर वक्त गुजार देते हैं।

अच्छी किताबें पढ़ें- आप कई बार सिनेमा के टिकट के लिए या रेलवे आरक्षण के लिए लाइन में लगे होते हैं। इसमें कई बार दो से तीन घंटे भी परबाद हो जाते हैं। इस दौरान आप कोई किताब पढ़ सकते हैं। अच्छा होगा कि जब आप घर से निकलें तो कोई न कोई किताब अपने साथ रखें। अगर आपके पास कोई किताब नहीं हो तो जहां लाइन में लगना पड़े वहां से कोई अखबार या मैग्जीन खरीद लें। इस दौरान आप खबरें और अखबार में छपे लेख पढ़ सकते हैं। इससे आपका ज्ञान भी बढ़ेगा और आपके समय का उपयोग हो सकता है।
कई बार ऐसा होता है कि आप किसी दफ्तर में या किसी घर जब किसी से मिलने जाते हैं तो आपको इंतजार करना पड़ता है। कई बार यह इंतजार बड़ा बोरिंग होता है। अगर आप ऐसे समय में कुछ पढ़ सकते हैं तो आपके समय का सदुपयोग हो सकता है। अगर आप किसी महानगर में रहते हों तो आजकर एफएम रेडियो पर गाने सुनकर अपना टाइमपास कर सकते हैं। यह उन लोगों के लिए लागू हो सकता है जो गाने सुनने के शौकीन हैं। पर जो लोग गाने नहीं सुनते उनके लिए पढ़ना ही श्रेयस्कर है। वैसे आजकल एफएम रेडियो पर भी कई रोजक और ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आते हैं जिन्हें सुनना आपको रुचिकल लग सकता है।
लाइब्रेरी जाने की आदत डालें - कई लोगों के पास सुबह शाम या दिन में समय होता है। ऐसे लोगों को पुस्तकालय जाने की आदत डालनी चाहिए। आमतौर पर हर शहर में पुस्तकालय होता ही है। अगर आप किसी नए शहर में हों तो वहां भी किसी पुस्तकालय या वाचनालय का पता कर सकते हैं। आजकल यह देखने में आ रहा है कि पुस्तकालयों में भीड़ घट रही है। कई पुस्तकालयों में तो सिर्फ बुर्जुग लोग ही दिखाई देते हैं। अगर आपके घर में बच्चे हैं तो उनके अंदर भी पुस्तकालय जाने की आदत डलवानी चाहिए।
ध्यान या योगासन करें- खाली समय में योगासन या ध्यान भी किया जा सकता है। ये शरीर और सोच दोनों के लिए लाभकारी हो सकता है। यहां तक कि आप रेलवे स्टेशन पार्क आदि में भी खाली समय में योगासन या ध्यान कर सकते हैं। कई बार किसी ट्रेन के इंतजार में काफी समय बर्बाद करना पड़ता है। ऐसे समय का पूरा सदुपयोग करना चाहिए।
आजकल बच्चों में वीडियो गेम जैसी चीजों का शौक बढ़ा है। बच्चों को ऐसी चीजों से बचाना चाहिए। अगर आप इंटरनेट उपयोग करने के आदी हैं, तो किसी भी शहर में साइबर कैफे पता करके वहां नेट यूज कर सकते हैं। इसके लिए रिलायंस वेब वर्ल्ड या सत्यम के साइब कैफे के चेन के सदस्य बन सकते हैं। इनकी एक जगह की सदस्यता पूरे देश में मान्य होती है। इस तरह के कुछ टिप्स को आजमा कर आप अपने बरबाद होने वाले समय को प्रोडक्टिव बना सकते हैं।

 -माधवी रंजना madhavi.ranjana@gmail.com


No comments: